जातिसूचक टिप्पणी से भड़का वैश्य समाज, प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग


सोशल मीडिया के माध्यम से जाति विशेष को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी और जान से मारने की धमकी के विरोध में बैसवार समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी को लेकर बुधवार को सैकड़ों की संख्या में बैसवार समाज के लोग बरगवां थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

आरोप है कि आदित्य विक्रम सिंह नामक व्यक्ति द्वारा 30 जनवरी एवं 3 फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के फेसबुक मैसेन्जर और वॉट्सएप कॉल के माध्यम से बैसवार समाज को निशाना बनाते हुए अभद्र गाली-गलौच की गई। इतना ही नहीं, समाज के लोगों को जान से मारने, सिर काटकर शहर में घुमाने जैसी धमकियां भी दी गईं।

बताया गया कि बैसवार समाज के दो सदस्यों नित्यानन्द बैस और तिलकराज बैस को व्यक्तिगत रूप से मां-बहन की गालियां दी गईं और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई, जिससे पूरे समाज में आक्रोश फैल गया।

इस घटना से आहत बैसवार समाज के गणमान्य नागरिकों और बैसवार महासंघ के पदाधिकारियों ने बरगवां थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तत्काल प्रकरण दर्ज करने और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। समाज के लोगों का कहना है कि इस तरह की आपत्तिजनक और जातिसूचक टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में बरगवां निरीक्षक मोहम्मद समीर ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

संवाददाता :- आशीष सोनी