सीएम राइज विद्यालय बना आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण केंद्र, छात्रों ने सीखे जीवन रक्षक गुण....
आपदा के समय घबराने नहीं बल्कि सतर्क रहकर जीवन बचाने की सीख देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल एनडीआरएफ की इलेवन्थ बटालियन द्वारा सीएम राइज उत्कृष्ट विद्यालय वैढ़न में भूकंप आपदा प्रबंधन को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपदा से बचाव के प्रभावी उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में एनडीआरएफ टीम ने छात्रों को बताया कि भूकंप आने पर घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान की पहचान करना, मजबूत वस्तुओं के नीचे शरण लेना और संयम बनाए रखना जीवन रक्षा की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी है। टीम ने स्पष्ट किया कि आपदा के समय सही निर्णय और त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि को टाला जा सकता है। मॉक ड्रिल के दौरान तीन मंजिला भवन में भूकंप की काल्पनिक स्थिति बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जीवंत प्रदर्शन किया गया। एनडीआरएफ जवानों ने दिखाया कि किस प्रकार विशेष उपकरणों से दीवारों को काटकर अंदर से लोगों तक पहुंचा जाता है, घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला जाता है और उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इस प्रदर्शन ने उपस्थित विद्यार्थियों और अधिकारियों में आत्मविश्वास और जागरूकता दोनों को मजबूत किया। इसके साथ ही छात्रों, एनसीसी कैडेट्स और आपदा मित्रों को सीपीआर और प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया। इस अवसर पर एसडीएम सिंगरौली सुदेश जाधव, होमगार्ड कमांडेंट एलवी कोल, डिप्टी कमांडेंट कुलदीप सिंह, इंस्पेक्टर प्रवीण उपाध्याय, एसआई प्रहलाद सिंह, सोनपाल, पीसी योगेन्द्र बहादुर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीए विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments