सीवर लाइन और सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं....
बैठक के दौरान सीवर लाइन निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि आम नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने, निर्माण स्थलों पर सूचना पट्ट लगाने और संबंधित संविदाकार को प्रतिदिन न्यूनतम 300 सीवर कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, उपायुक्त वित्त अनुपम द्विवेदी, सहायक आयुक्त एचएम श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी बीजी चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
साफ-सफाई व्यवस्था पर दें जोर
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने शहर की साफ.-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कचरा संग्रहण वाहनों की वार्डवार समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने, नालों-नालियों की नियमित सफाई तथा कीटनाशक छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने और सतत निगरानी रखने पर जोर दिया। साथ ही नागरिक सहभागिता बढ़ाने के लिए स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाने और विद्यालय, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को अभियान से जोड़ने के निर्देश भी दिए।
डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश
बैठक में शहर में एक सर्व सुविधायुक्त स्मार्ट गार्डन विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रस्तावित स्मार्ट गार्डन में बच्चों, बुजुर्गों और सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए योग, गेमिंग जोन, फूड कॉर्नर,वाईफाई और म्यूजिक जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे नागरिकों को बेहतर मनोरंजन और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा अधिकारियों-कर्मचारियों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति, सीएम हेल्पलाइन तथा संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments