अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिक निगम ने सख्त रुख पकड़ा, नियम तोड़ने वालों को चेतावनी...
नगर निगम को लगातार शिकायत मिल रही थी कि बस स्टैंड और मंडी क्षेत्र में व्यापारी सड़क पर दुकान लगाकर यातायात बाधित कर रहे हैं। इससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निगम द्वारा पूर्व में व्यापारियों को उनके व्यवसाय के अनुरूप चिन्हित स्थानों पर दुकान लगाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण जारी रहा। इसके बाद निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया। उपायुक्त आरपी बैस ने बताया कि बैढ़न स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड के पास साप्ताहिक बाजार के दौरान मुख्य सड़क और फ फुटपाथ पर बैठकर सब्जी एवं अन्य सामग्री बेच रहे लगभग 50 व्यापारियों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों का सामान भी जब्त किया गया और उन्हें अंतिम चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी बीजी चतुर्वेदी, अतिक्रमण प्रभारी विपिन तिवारी, विशाल सोनी, आईसी मैनेजर आशीष शुक्ला सहित नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता और अमला मौजूद रहा।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments