गनियारी के चौरा टोला मार्ग की बदहाल हालत, राहगीर परेशान, हादसों का बढ़ा खतरा..
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क का डामरीकरण करीब पांच वर्ष पूर्व कराया गया था, लेकिन उसके बाद विभिन्न योजनाओं के तहत खुदाई कार्य ने सड़क की सूरत बिगाड़ दी। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि शिवरेज पाइपलाइन, गैस पाइपलाइन और अमृत जल योजना के कार्यों के दौरान सड़क को कई स्थानों पर काटा गया, लेकिन बाद में निर्धारित मापदंडों के अनुसार मरम्मत नहीं कराई गई। परिणामस्वरूप पूरी सड़क उखड़कर गड्ढों में तब्दील हो गई है। रोजाना इस मार्ग से स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और बाइक चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन में तेज धूप के साथ सड़क पर उड़ती धूल ने हालात और खराब कर दिए हैं। धूल के गुबार से आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी परेशान हैं और प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का मरम्मत कार्य कराया जाये, ताकि गड्ढों से राहत मिले।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments