आदिवासी बाहुल्य गांवों में बिजली नहीं, जनपद सदस्य ने कलेक्टर से लगाई गुहार....


सिंगरौली जनपद पंचायत चितरंगी क्षेत्र के कई आदिवासी बाहुल्य गांवों में आज भी बिजली सुविधा नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य अशोक सिंह पैगाम,जनपद सदस्य जगत बहादुर सिंह समय आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीणो द्वारा कलेक्टर सिंगरौली को पत्र लिखकर बिजली निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई है।

 प्रेषित पत्र में बताया गया है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान पाया गया कि कई गांवों और टोलों में अब तक बिजली की व्यवस्था नहीं हो सकी है। विशेष रूप से बताया की बैगा आदिवासी बाहुल्य गांव में बिजली के अभाव में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है और पूर्व में सांप काटने से लोगों की जान भी जा चुकी है। पत्र में ग्राम पंचायत देवरा-1, गड़वानी,कुड़ैनिया प्रथम, मड़डोली सहित कई पंचायतों के अंतर्गत आने वाले आदिवासी टोलों में बिजली नहीं होने की जानकारी दी गई है। जनपद सदस्य ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित विभाग से जांच कराकर जल्द से जल्द विद्युत लाइन और आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण कराया जाए ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधा उपलब्ध हो सके।

संवाददाता :- आशीष सोनी