स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त,कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण..
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मेडिकल ऑफिसर को निर्देश दिए कि एएनसी रजिस्ट्रेशन के दौरान चिन्हित एनीमिया पीड़ित गर्भवती महिलाओं का नियमित फॉलोअप किया जाए और उन्हें आयरन सुक्रोज के सभी डोज निर्धारित अंतराल पर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्भवती महिलाओं का समय पर उपचार सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सके। कलेक्टर ने ड्रग स्टोर का निरीक्षण करते हुए ई-औषधि पोर्टल के माध्यम से दवाओं का व्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टोर में उपलब्ध जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और जिन दवाओं की कमी है, उनकी पूर्ति हेतु तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। साथ ही ड्रग स्टोर में साफ.-सफाई बनाए रखने और दवाओं को व्यवस्थित तरीके से संधारित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से संबंधित सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और नियमित रूप से उनकी एंट्री करने के निर्देश दिए। पैथोलॉजी लैब से देवसर भेजे जाने वाले सैंपलों का मास्टर रजिस्टर तैयार कर जानकारी का संधारण करने को भी कहा गया। उन्होंने मेडिकल वेस्ट का निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार शत.प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने तथा संक्रामक बीमारियों के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि होने पर तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए ताकि समय रहते प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments