धार में भारी बवाल: अतिक्रमण हटाने गई टीम पर खूनी पथराव, आईटी समेत 12 घायल


धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के सिरसोदिया गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक अवैध निर्माण को ढहाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस पथराव में धामनोद थाना प्रभारी (TI) प्रवीण ठाकरे और एक महिला पुलिसकर्मी सहित कुल 12 लोग घायल हुए हैं। आईटी ठाकरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

 विवाद की जड़: दो बीघा जमीन और विधायक का कनेक्शन

यह पूरा विवाद करीब दो बीघा जमीन (पटवारी हल्का नंबर 14, सर्वे नंबर 99) को लेकर है।

विवादित हिस्सा: जिस मकान को गिराने टीम पहुंची थी, उसका 25% हिस्सा कथित तौर पर विधायक कालू सिंह ठाकुर की कृषि जमीन में आता है।

कोर्ट का फैसला: राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार यह जमीन अनिल, धर्मेंद्र, अनीता और ललिता के नाम दर्ज है। सिविल कोर्ट ने कब्जाधारियों की आपत्ति को खारिज करते हुए जमीन मालिकों के पक्ष में फैसला सुनाया था।

प्रशासनिक रुख: नायब तहसीलदार कृष्णा पटेल के अनुसार, यह कार्रवाई धारा 250 के तहत कोर्ट के आदेश का पालन कराने के लिए की जा रही थी।

मौके पर हिंसक झड़प और तोड़फोड़

शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब तहसीलदार कुणाल अवासिया, नायब तहसीलदार कृष्णा पटेल और करीब 25 लोगों की टीम मौके पर पहुंची, तो संतोष और उसके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते महिलाओं सहित भीड़ ने टीम पर पथराव कर दिया।

 नुकसान: उपद्रवियों ने तहसीलदार की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए।

गिरफ्तारी: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 महिलाओं को हिरासत में लिया है।

 तनाव बरकरार: भारी पुलिस बल तैनात

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। हालात पर काबू पाने के लिए मनावर एसडीएम प्रमोद गुर्जर, एसपी विजय डावर और विभिन्न थानों के 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं। इस मामले में अब राजनीति भी गर्मा गई है, जहां जयस और कांग्रेस के कुछ नेता भी अतिक्रमणकारी पक्ष के समर्थन में पहुंच गए हैं।

संवाददाता :- स्वाति रजक