एमपी के उज्जैन-भोपाल रेल लाइन पर बड़ा हादसा, गार्डर बदलते समय क्रेन नदी में गिरी, ट्रेनें प्रभावित 

उज्जैन-भोपाल रेल मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। रेलवे ब्रिज की मरम्मत के दौरान एक क्रेन गार्डर समेत नदी में गिर गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे के कारण उज्जैन की ओर आने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, उज्जैन से भोपाल जाने वाले रेल मार्ग पर शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर तराना स्टेशन के पास टिल्लर नदी पर दो पुल बने हुए हैं, जिनसे अप और डाउन ट्रेनों का संचालन होता है। इनमें से एक पुराने पुल के गार्डर में खराबी आने के कारण गुरुवार से उसके बदलाव का कार्य चल रहा था। शुक्रवार दोपहर जब क्रेन की मदद से गार्डर बदला जा रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से क्रेन गार्डर सहित नदी में गिर गई।

घटना की सूचना मिलते ही उज्जैन रेलवे स्टेशन से राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। फिलहाल एक ही पुल से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है,जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है। रेलवे कर्मचारियों के अनुसार, यदि क्रेन कुछ और आगे गिरती, तो पुल को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था। 
संवाददाता :–आशीष सोनी