करीला धाम में रंगपंचमी पर उमड़ेगी आस्था की भीड़, भव्य मेले की सभी तैयारियां पूर्ण


अशोकनगर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल करीला धाम स्थित मां जानकी मंदिर में रंगपंचमी के अवसर पर लगने वाले ऐतिहासिक करीला मेले को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल रंगपंचमी पर यहां हजारों श्रद्धालु माता जानकी के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

करीला धाम में हर वर्ष की तरह इस बार भी रंगपंचमी पर भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। दूर-दराज जिलों और प्रदेशों से श्रद्धालु मां जानकी के दर्शन करने तथा अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर राई नृत्य की परंपरा निभाने के लिए यहां पहुंचते हैं।

प्रशासन द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि मेले में शांति और व्यवस्था बनी रहे।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से माता के दर्शन कर सकें।

कहते हैं कि इसी पावन धरा पर माता जानकी ने अपने वनवास का समय बिताया था और लव-कुश का जन्म हुआ था। उनकी खुशी में देवलोक की अप्सराओं ने जो नृत्य किया था, वही परंपरा आज भी 'राई नृत्य' के रूप में यहाँ जीवंत है।

संवाददाता:- अवधेश दांगी