समयसीमा पार, फिर भी अधूरा बरगवां रेलवे ओवरब्रिज
विभागीय सूत्रों की बातों पर गौर करे तो बरगवां रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जुलाई 2023 में शुरू हुआ था। परियोजना को दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन ढाई वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी पुल का निर्माण अधूरा है। लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस ओवरब्रिज की निगरानी ब्रिज विभाग कर रहा है, जबकि निर्माण कार्य दिल्ली की कंपनी पीआरएल इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड को सौंपा गया है। निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी और सुस्त रफ्तार को लेकर क्षेत्र में असंतोष का माहौल बन गया है। सबसे अधिक परेशानी बरगवां रेलवे स्टेशन मार्ग पर देखने को मिल रही है। यहां दिनभर में 40 से अधिक मालगाड़ि़यां और यात्री ट्रेनें गुजरती हैं, जिसके कारण लगभग हर दस मिनट में रेलवे फाटक बंद हो जाता है। फाटक बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। ओवरब्रिज निर्माण के चलते मार्ग का एक हिस्सा भी बंद कर दिया गया है, जिससे केवल एक लेन से ही वाहनों का आवागमन हो रहा है। परिणामस्वरूप जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
कनई हाईवे से निकल रहे बड़े वाहन
बड़े वाहन चालक तो कनई हाईवे का सहारा लेकर निकल जाते हैं, लेकिन स्थानीय रहवासियों और छोटे वाहन चालकों को घंटों फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता है। वैकल्पिक मार्ग की कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बरगवां बाजार क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। कई बार हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि पुलिस को घंटों मशक्कत कर यातायात सुचारू कराना पड़ता है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार लगने वाले जाम के कारण ग्राहक बाजार तक आने से कतराने लगे हैं, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अगर निर्माण कार्य तय समय में पूरा हो जाता तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती थी।
ठेकेदार की लापरवाही आ रही सामने
विभागीय सूत्र बताते हैं कि प्रारंभिक चरण में बिजली के खंभों को शिफ्ट करने में अपेक्षा से अधिक समय लग गया, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बीच में ठेकेदार की लापरवाही सामने आई थी, जिस पर विभाग द्वारा नोटिस भी जारी किया गया था। हालांकि अब निर्माण कार्य में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है और रेलवे लाइन के दोनों ओर पुल का अधिकांश ढांचा तैयार हो चुका है। सूत्रों के अनुसार रेलवे लाइन के ऊपर का निर्माण कार्य रेलवे विभाग द्वारा किया जाना है। विभाग का दावा है कि शेष कार्य को जल्द पूरा कर पुल से यातायात शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन जब तक निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक बरगवां क्षेत्र के लोगों को जाम, धूल और अव्यवस्था से जूझना ही पड़ेगा। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग का दावा कब तक हकीकत में बदलता है और बरगवां को जाम से कब राहत मिलती है।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments