आपका पद पर बने रहना लोकहित में नहीं’, नपा अध्यक्ष को सरकार का अल्टीमेटम...



नगरीय विकास विभाग ने अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार पप्पू मलिक को 9 गंभीर अनियमितताओं पर नोटिस थमाते हुए 15 दिन में जवाब मांगा है, अन्यथा एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी दी है।

टीकमगढ़ नगर पालिका हुई 9 गंभीर अनियमितताओं के लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग के सचिव शीलेंद्र सिंह ने अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार पप्पू मलिक को नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि इन अनियमितताओं के चलते आपका पद पर बना रहना लोक हित एवं परिषद हित में नहीं है। ऐसे में उन्होंने अध्यक्ष से 15 दिन में जवाब देने और जवाब न देने पर एक पक्षीय कार्रवाई करने की बात कही है। इस नोटिस के बाद नगर पालिका का सियासी पारा एक बार फिर से हाई हो गया है। नगर पालिका में सत्तारुढ़ कांग्रेस एवं विपक्षी भाजपा के बीच चल रही तकरार अब शासन स्तर पर पहुंच गई है। नगर पालिका के पार्षदों द्वारा की गई शिकायत की जांच के बाद संयुक्त संचालक ने इस मामले में अपना प्रतिवेदन नगरीय विकास एवं आवास विभाग को भेजा था। इस प्रतिवेदन पर गुरुवार को विभाग के सचिव शीलेंद्र सिंह ने नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार को नोटिस जारी किया है।

सीएमओ और कर्मचारी के साथ अध्यक्ष को भी माना जिम्मेदार:

सचिव द्वारा जारी किए गए नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि इस प्रक्रिया में सीएमओ के साथ ही कर्मचारी भी दोषी हैं और अध्यक्ष को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है। अध्यक्ष के साथ ही अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों के दोषी होने एवं केवल अध्यक्ष को नोटिस जारी होने पर भी नगर पालिका के साथ ही राजनीतिक हलकों में भी इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।


-  नोफ़िकर न्यूज़ मध्यप्रदेश