चलती ट्रेन के वॉशरूम में जज की पत्नी की मौत, स्टेशन पर पति करते रहे इंतजार


मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कांचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस में सफर कर रहीं जज की पत्नी उषा चौहान की चलती ट्रेन के वॉशरूम में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार राजस्थान के निंबाहेड़ा में पदस्थ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा लौट रहे थे। दोनों का रिजर्वेशन अलग-अलग कोच में था।

निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने से पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। ट्रेन के निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने पर जज राजकुमार चौहान प्लेटफॉर्म पर उतरकर पत्नी का इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं आईं।

चिंता बढ़ने पर उन्होंने रेलवे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करवाई, जिससे पता चला कि फोन अभी भी ट्रेन में ही है। इसके बाद ट्रेन को जावरा स्टेशन पर रुकवाया गया। वहां वॉशरूम का दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला गया, जहां वह बेहोश अवस्था में मिलीं।

उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक माना जा रहा है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाददाता:- घनश्याम ठाकुर