सोना तीन गुना करने के नाम पर महिला से ठगी, नरसिंहपुर में मुल्ला बाबा बनकर ठग ने 10 लाख के जेवर हड़पे
नरसिंहपुर के बॉसकुंवारी गांव में एक महिला से अंधविश्वास के नाम पर करीब 10 लाख रुपए के गहनों की ठगी हुई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला से ठगा गया सारा सामान भी बरामद कर लिया है। पीड़िता ने बताया कि गांव के अजय मेहरा ने अपने साथी अनिल राय उर्फ “मुल्ला बाबा" के साथ मिलकर उसे झांसे में लिया। आरोपियों ने महिला को जेवर "तीन गुना" करने का लालच दिया और भय का माहौल बनाकर उससे घर के सभी जेवर इकट्ठा करवा लिए। 14 मार्च की रात आरोपियों ने महिला से सुनसान जगह पर जेवर रखवाए और फिर मौके से फरार हो गए।
एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना ने मामले खुलासा कर बताया कि जांच में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अजय मेहरा बॉसकुंवारी क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अजय मेहरा ने अपने साथी अनिल राय के आगरा में छिपे होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आगरा में कार्रवाई कर मुख्य आरोपी अनिल राय उर्फ “मुल्ला बाबा" को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पास से करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 5 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
आरोपियों ने पीड़िता के साथ पुराने परिचय का फायदा उठाकर उसका विश्वास जीता था। अजय मेहरा ने अपने साथी अनिल राय को "बाबा" बताकर उसकी चमत्कारिक शक्तियों का दावा किया और अंधविश्वास व डर का माहौल बनाकर महिला को ठगा। आरोपियों अनिल राय उर्फ मुल्ला बाबा (निवासी ग्राम डोभी, जिला नरसिंहपुर) और अजय मेहरा (निवासी ग्राम बॉसकुंवारी, जिला नरसिंहपुर) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नरसिंहपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अंधविश्वास, जादू-टोना या "तीन गुना करने" जैसे लालच में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें।

0 Comments