दमोह कलेक्टर को जिला अस्पताल में AC मिले बंद, सिविल सर्जन नहीं दे पाए जवाब
दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिला अस्पताल का अचानक दौरा किया। इस दौरान अस्पताल में कई कमियां देखने को मिलीं, जिन्हें लेकर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और तुरंत सुधार करने के आदेश दिए। कलेक्टर ने साफ कहा कि मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में कोई ढील नहीं दी जाएगी। निरीक्षण की शुरुआत ओपीडी और कैजुअल्टी वार्ड से हुई, जहां कलेक्टर ने खुद मरीजों से बातचीत कर उनका हाल जाना। जब वे मेडिकल वार्ड में पहुंचे, तो वहां सेंट्रल एसी बंद मिले।
इस पर जब सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल कोई सही जवाब नहीं दे पाए, तो कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तुरंत जबलपुर से मैकेनिक बुलाकर एसी ठीक करवाने को कहा। एमसीएच बिल्डिंग में कलेक्टर ने देखा कि गर्भवती महिलाओं को टोकन के लिए कड़ी धूप में खड़ा होना पड़ रहा है। महिलाओं की यह तकलीफ देख उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वहां तुरंत छाया का इंतजाम किया जाए और टोकन बांटने की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए ताकि किसी को परेशानी न हो।
कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को हिदायत दी है कि वे आने वाले दिनों में फिर से दौरा करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आज जो भी निर्देश दिए गए हैं, अगली बार तक वे सभी काम पूरे हो जाने चाहिए। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. राजेश आठ्या और सिविल सर्जन सहित अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा।

0 Comments