मरीजों पर गर्मी और लाचार सिस्टम की दोहरी मार, अस्पताल में कहीं कूलर, कहीं टंकियां गायब, पंखे फेंक रहे गर्म हवा
नरसिंहपुर जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को भीषण गर्मी के बीच राहत नहीं मिल पा रही है। यहां मरीजों पर गर्मी और सिस्टम की लापरवाही की दोहरी मार पड़ रही है। अस्पताल के वार्डों में कहीं कूलर नहीं हैं, जहां कूलर लगे हैं तो वहां उनकी टंकियां नदारद हैं या पानी की व्यवस्था नहीं है। कई वार्डों में बिजली के बोर्ड भी खराब पड़े हैं, जिससे बिना पानी के भी कूलर चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को उमस भरी गर्मी में दिन-रात गुजारना पड़ रहा है। दोहपर हो या रात पंखे की गर्म हवा ही उनके लिए सहारा है। जिला अस्पताल के दोनों भवनों में हालात एक जैसे बने हुए हैं। गुरुवार की दोपहर के समय वार्डों में भर्ती मरीज गर्मी से बेहाल नजर आए, कुछ वार्डो में चंद दिनों पहले कूलर तो पहुुंच गए लेकिन अधिकांश बिना टंकी के पहुंचे जो बेकार साबित हो रहे हैं। जिनकी टंकिया है तो वह सूखी पड़ी हैं। मरीजों ने बताया कि एक तो बीमारी, उस पर गर्मी में व्यवस्थाओं की खामी उनकी तकलीफ बढ़ा रही है। पंखों की गर्म हवा का ही सहारा है, पंखे बंद करते हैं तो मच्छर काटते हैं। रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलती। ऊपर से मच्छरों का प्रकोप मरीजों की परेशानी और बढ़ा रहा है, जिससे उन्हें ठीक से नींद भी नहीं मिल पा रही। मरीजों के परिजनों का कहना है कि गर्मी से राहत के लिए अस्पताल प्रबंधन को कूलर, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करना चाहिए। लेकिन जब भी कोई शिकायत कहो तो एक ही जबाब मिलता है कि व्यवस्था सुधार रहे हैं, कूलर में टंकी लगाने आ रहीं हैं, जिसको कार्य का टेंडर दिया है उसके द्वारा धीरे-धीरे वार्डो में कूलर रखवाए जा रहे हैं। लेकिन व्यवस्था कब सुधरेगी यह कोई नहीं बता रहा है।

0 Comments