खुरई मंडी में चोरी का प्रयास: सुरक्षा गार्डों ने एक चोर पकड़ा, डायल 112 की देरी पर सवाल



खुरई की नवीन कृषि उपज मंडी में बीती रात अनाज चोरी की बड़ी कोशिश सामने आई। चार चोर दीवार फांदकर मंडी परिसर में घुस आए और बायपास की तरफ से वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए एक चोर को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए चोर की निशानदेही पर उसकी बाइक और चोरी के लिए लाई गई तीन अनाज की बोरियां भी जब्त कर ली गईं।

जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी गल्ला मंडी क्षेत्र में ही एक व्यापारी के यहां हम्माली का काम करता है। हालांकि, पुलिस और डायल 112 के समय पर न पहुंचने के कारण वह भी मौके से फरार हो गया।

सुरक्षा गार्डों ने बताया कि उन्होंने तुरंत डायल 112 को सूचना दी थी, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में दोबारा कॉल करने पर उन्हें चोर को थाने लाने की सलाह दी गई, जिसके चलते स्थिति और बिगड़ गई।

मंडी में व्यापारियों और समर्थन मूल्य पर खरीदे गए अनाज का भंडारण खुले में होने से चोरी का खतरा लगातार बना रहता है। सुरक्षा गार्डों ने यह भी कहा कि उनके पास केवल टॉर्च और डंडे जैसे सीमित संसाधन हैं, ऐसे में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

 संवाददाता:- स्वाति रजक