परशुराम जयंती पर 15 फीट प्रतिमा के साथ निकली शोभायात्रा, परशुराम टेकरी पर पांच लाख से बनेगा टीनशेड, अहिरवार समाज ने किया भव्य स्वागत

दमोह में सोमवार रात भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसमें भगवान परशुराम की 15 फीट ऊंची प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। आयोजकों के अनुसार, यह पहली बार था जब शोभायात्रा में इतनी विशाल प्रतिमा शामिल की गई। शोभायात्रा में छोटे बच्चे आकर्षक वेशभूषा में शामिल हुए। हजारों की संख्या में लोगों ने भगवान परशुराम के जयकारे लगाते हुए इस यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस यात्रा का आकर्षण तब और भी बढ़ गया जब अहिरवार समाज की युवाओं ने दिल खोल कर विप्र बंधुओं का स्वागत किया और विप्र बंधुओं ने संविधान निर्माता डॉ . भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सन्देश दिया कि समाज में जातिवाद का ज़हर खोलने वालों से दिल जोड़ने वाले सदा आगे रहेंगे।

शोभायात्रा से पहले, सुबह परशुराम टेकरी पर हवन पूजन का आयोजन किया गया। इसमें विप्र समाज के बड़ी संख्या में सदस्यों ने पहुंचकर भगवान का पूजन किया और हवन में आहुतियां अर्पित कीं। रात में शोभायात्रा की शुरुआत सिविल वार्ड स्थित शिव पार्वती मंदिर से हुई। घंटाघर पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जहां विप्र समाज के सदस्यों ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को सम्मानित किया। इसके उपरांत, शोभायात्रा शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से गुजरी।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात

इन मार्गों पर जगह-जगह स्वागत गेट लगाए गए थे और स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर उसका स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी तैनात थे।

परशुराम टेकरी पर पांच लाख से बनेगा टीनशेड

जबलपुर नाका स्थित परशुराम टेकरी पर विधायक निधि मद से 5 लाख रुपए की लागत से टीनशेड, चबूतरा, चेकर एवं कुर्सी निर्माण कार्यों का अक्षय तृतीया पर पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया ने लोकार्पण किया। इस दौरान सर्व ब्राह्मण समाज ने विधायक मलैया के समक्ष मंदिर के लिए गेट निर्माण की मांग रखी। इस पर 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई। विप्र बंधुओं ने आभार व्यक्त करते हुए स्मृति चिन्ह, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसी क्रम में सांसद राहुल सिंह लोधी द्वारा विगत वर्ष सामुदायिक भवन निर्माण के लिए प्रदान की गई 10 लाख रुपए की राशि के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मलैया ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा सर्व समाज को दिशा दिखाने का कार्य करता है।