सागर-बीना एनएच-934 पर टोल कंपनी की मनमानी, टोल वसूली के लिए सड़क खोद डाली, 20 गांवों का रास्ता बंद

सागर-बीना नेशनल हाईवे-934 पर किशनपुरा के पास टोल वसूली बढ़ाने के लिए टोल प्रबंधन ने सरकारी सड़क ही खोद दी। इससे नरयावली, जरुआखेड़ा समेत करीब 20 गांवों का भोपाल जाने का मुख्य रास्ता बंद हो गया है। अब ग्रामीणों को मजबूरी में टोल बैरियर से गुजरना पड़ रहा है, जहां मनमानी वसूली की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव आने वाले रिश्तेदारों और स्थानीय आवाजाही करने वालों से भी टोलकर्मी कई बार अभद्रता करते हैं। बैरियर पर कैश लेकर गाड़ियां छोड़ी जा रही हैं। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुरेश कुमार बोले- फास्टैग न होने पर डबल टोल लेने का नियम है। बिना रसीद पैसा लेकर गाड़ी छोड़ने की शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी।एसडीएम अमन मिश्रा ने कहा कि टोल के पास से किशनपुरा जाने का रास्ता बंद होने की जानकारी नहीं थी। अब पता कर कार्रवाई करेंगे।

बैरियर पर कैश में डील

टोल प्लाजा पर भास्कर टीम ने बिना फास्टैग वाहन के साथ वास्तविक स्थिति परखी। नियम के मुताबिक यहां दोगुना टोल लेकर रसीद देना जरूरी था, लेकिन मौके पर तय प्रक्रिया की जगह रकम को लेकर बातचीत शुरू हो गई। कम राशि लेकर बिना रसीद गाड़ी निकाल दी गई। वापसी में भी यही पैटर्न दिखा।