पुलिस एक्शन: घेराबंदी में फंसी कार से 1.60 लाख की अवैध शराब जब्त, आरोपी फरार,तलाश जारी



छतरपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बक्सवाहा थाना पुलिस ने घेराबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अवैध देशी मसाला शराब बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हीरापुर रोड के रास्ते एक चार पहिया वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हीरापुर रोड स्थित डिवाइडर के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेजी से भगाने की कोशिश की। कुछ ही दूरी पर नियंत्रण खोने से कार डिवाइडर से टकराकर फंस गई। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 32 पेटियों में भरे कुल 1600 क्वार्टर देशी मसाला शराब बरामद हुए। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है।

थाना प्रभारी कमिश्नर वर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

संवाददाता: स्वाति रजक