पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में अक्षय तृतीया पर क्षत्रिय समाज की 21 कन्याओं का होगा सामूहिक विवाह
अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर 20 अप्रैल को रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में क्षत्रिय महासभा जिला सागर के तत्वावधान में 21 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। जिले में क्षत्रिय समाज का यह पहला सामूहिक विवाह आयोजन होगा, जिसे समाज के लिए एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल माना जा रहा है। यह जानकारी पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने महासभा की महत्वपूर्ण बैठक में दी।
उन्होंने कहा कि 15 मार्च को ठाकुर बाबा मंदिर, जरुआखेड़ा में आयोजित बैठक के दौरान सामूहिक विवाह का विचार उनके मन में आया, जिसे समाज के संरक्षक मंडल और गणमान्य सदस्यों ने सहर्ष स्वीकार किया। इसके बाद सभी ब्लॉक समितियों ने सक्रियता से परिवारों से संपर्क कर आवेदन लिए और आयोजन की तैयारियां शुरू कीं। बैठक में प्राप्त सभी 21 आवेदनों और दस्तावेजों का पारदर्शी परीक्षण कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।
पूर्व मंत्री सिंह
ने कहा कि कन्यादान और विवाह यज्ञ के समान पुण्य कार्य हैं। इस भव्य आयोजन पर लगभग 40 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे, जिसकी व्यवस्था
समाज के सदस्य परिवारों के सामूहिक सहयोग से की जा रही है। अब तक 31 लाख 60 हजार 454 रुपए की सहयोग राशि एवं सामग्री एकत्रित हो चुकी है।
उन्होंने समाज के लोगों से आग्रह किया कि वे वर-वधु के पांव पखारने की परंपरा
निभाते हुए अपनी श्रद्धानुसार भेंट दें और नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करें।
महासभा जिला
अध्यक्ष लखन सिंह ने बताया कि सुबह 8 से 10 बजे तक
वर-वधु पक्षों का आगमन होगा। 10 से 12 बजे तक वरमाला कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक भोज कार्यक्रम चलेगा। समारोह स्थल पर जनवासे से
लेकर विवाह मंडप तक सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बारात के लिए दो बग्घी, दो घोड़े, 16 ढोल, बधाई नृत्य दल, डीजे और आतिशबाजी की विशेष व्यवस्था रहेगी। सभी 21 वधुओं को परंपरानुसार टिपारे दिए जाएंगे। प्रत्येक जोड़े और उनके परिजनों के
लिए पंडाल में अलग ब्लॉक एवं पृथक मंडप बनाए जाएंगे। समाज के वरिष्ठजन प्रत्येक
वधु को 1 लाख 1 हजार रुपए सहित
सामग्री भेंट करेंगे।

0 Comments