न्यूनतम समर्थन मूल्य अपर्याप्त, 2700 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की किसानों ने रखी मांग
बटियागढ़ क्षेत्र के किसानों की समस्याओं एवं गेहूं उपार्जन को लेकर बटियागढ़ के किसानों ने किसान नेता भूपत सिंह लोधी के नेतृत्व में तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें 18 अप्रैल तक पूरी नहीं की गईं तो वे तहसील कार्यालय के सामने उग्र धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन में बताया कि बटियागढ़ में गेहूं खरीदी केंद्र की स्थापना की जाये, वर्तमान में उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों पर जाना पड़ता है जिससे समय और परिवहन लागत दोनों बढ़ती है। स्थानीय स्तर पर केंद्र स्थापित होने से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ती लागत, महंगाई और कृषि निवेश को देखते हुए किसानों ने वर्तमान न्यूनतम समर्थन मूल्य को अपर्याप्त बताते हुए इसे 2700 प्रति क्विंटल करने की मांग की है। फसल उत्पादन में आई कठिनाइयों और आर्थिक दबाव के चलते किसानों ने ऋण चुकाने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की ताकि वे अतिरिक्त ब्याज और दंड से बच सकें। किसानों ने कहा कि पंचमनगर बांध परियोजना लंबे समय से अधूरी पड़ी है। इसमें भारी सार्वजनिक धन खर्च होने के बावजूद खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, इसे शीघ्र पूर्ण कर लाभ किसानों तक पहुंचाया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान साहब सिंह, भोले गौतम, ब्रजराज लिम्मरदार, शरद जैन, श्याम चौरसिया सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्ष 2026 को ष्कृषक कल्याण वर्ष के रूप में देखा जा रहा है ऐसे में प्रशासन को उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। अन्यथा क्षेत्र के किसान एकजुट होकर व्यापक आंदोलन करेंगे।
0 Comments