दमोह में नाबालिग से रेप के आरोपी बीजेपी नेता का शव रेल लाइन पर 3 टुकड़ों में मिला


एमपी के दमोह में भाजपा समर्थित जनपद सदस्य कूदन आदिवासी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है. इसके तीन टुकड़े हो गए थे. कूदन आदिवासी पर 14 साल की लड़की से रेप का आरोप है. मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने रेप का झूठा मामला दर्ज कराने का पीडि़ता के परिजनों पर आरोप लगाया है. पुलिस अब डीएनए टेस्ट करायेगी.

लाश शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे देहात थाना इलाके में समन्ना रेलवे ट्रैक पर मिली. जबलपुर नाका चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया, फिर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. पुलिस का कहना है कि लाश का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा. परिजन ने आरोप लगाया है कि कूदन आदिवासी पर झूठा आरोप लगाया गया था, जिसके कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली. उन्होंने न्याय की मांग की है.

पांच महीने की गर्भवती है दुष्कर्म पीडि़ता

पीडि़ता को बुधवार दोपहर पेट में दर्द हुआ. इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए. जहां उसके 5 महीने की गर्भवती होने का पता चला. परिजन ने पूछताछ की तो नाबालिग ने बताया कि जनपद सदस्य कूदन आदिवासी से उसके साथ दुष्कर्म किया था. इस पर परिजन ने मगरोन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. नाबालिग को मेडिकल टेस्ट के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था. बुधवार से ही पुलिस कूदन आदिवासी की तलाश कर रही थी.

परिजन बोले- चुनावी रंजिश के चलते झूठे मामले में फंसाया

जनपद सदस्य कूदन आदिवासी के बेटे गुड्डा ने आरोप लगाया कि देवकी पटेल, विशाल, राम विशाल पटेल, आलोक पटेल, प्रकाश बढग़ैयां, रिशु गुप्ता ने पापा के खिलाफ झूठा केस दर्ज कराया है. मरने से पहले पापा ने वीडियो भी बनाया, जिसमें उन्होंने इन लोगों के नाम लिए हैं. पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है. वहीं, पत्नी राधा रानी ने कहा- उनके तीन बेटे और दस नाती-पोते हैं. पति पर रेप का झूठा आरोप लगाया गया था, जिसे वह सहन नहीं कर पाए और ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली.

बीजेपी के समर्थन से चुनाव जीते थे, पत्नी सरपंच रह चुकी

कूदन आदिवासी भाजपा के समर्थन से जनपद सदस्य का चुनाव जीते थे. इसके पहले उनकी पत्नी आदिवासी कोटे से फतेहपुर की सरपंच रह चुकी हैं. बटियागढ़ जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मंगल सिंह कुशवाहा ने कहा कि कूदन आदिवासी पर झूठे आरोप लगाए गए हैं. वे इस उम्र में ऐसा काम क्यों करेंगे?

मोबाइल को जांच के लिए भेजा जा रहा

मगरोन थाना प्रभारी बीएल पटेल ने बताया- मैंने भी वीडियो देखा है. मोबाइल को जांच के लिए भेजा जा रहा है. मृतक का डीएनए कराया जाएगा. इसके लिए बाल और ब्लड सैंपल लिए जाएंगे, अगर वह पीडि़ता के डीएनए से मैच नहीं होता है तो मामले में खात्मा लगाया जाएगा. इसके बाद मृतक के परिजन आगे की कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र रहेंगे.

संवाददाता :- आशीष सोनी