थ्रेसिंग के दौरान गेहूं की फसल में लगी आग, दमोह में 8 एकड़ फसल और थ्रेसर जलकर खाक

दमोह के पटेरा थाना क्षेत्र के बेलखेड़ी गांव में थ्रेसिंग के दौरान गेहूं की फसल में आग लग गई। इस घटना में करीब 8 एकड़ गेहूं की फसल और एक थ्रेसर जलकर खाक हो गया। घटना गुरुवार दोपहर की है। आग लगने से खेत में रखी गेहूं की लांक (कटी हुई फसल) और थ्रेसर उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने पानी के पाइपों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण उस पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। पटेरा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन वाहन समय पर नहीं पहुंच सका। इसके परिणामस्वरूप, किसान परसोत्तम अहिरवार की लगभग 8 एकड़ गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई। किसान परसोत्तम अहिरवार ने बताया कि इस आगजनी से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने दिल्ली में मजदूरी करके पैसा जुटाया था, जिसे खेती में लगाया था। अब फसल जलने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। किसान ने शासन-प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।