पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह की अनुशंसा पर खुरई अनुसूचित जाति उत्कृष्ट बालक छात्रावास भवन हेतु 5 करोड़ की स्वीकृति..
मध्य प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह की अनुशंसा पर खुरई में 50 सीटर शासकीय अनुसूचित जाति उत्कृष्ट बालक छात्रावास के भवन निर्माण हेतु 5 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री नागर सिंह चौहान ने पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह को पत्र भेज कर इस आशय की जानकारी दी है।
मंत्री नागर सिंह चौहान द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि आपके द्वारा विधानसभा क्षेत्र खुरई में 50 सीटर शासकीय अनुसूचित जाति उत्कृष्ट बालक छात्रावास खुरई हेतु भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदाय किए जाने हेतु अनुशंसा की गई थी। आपकी अनुशंसा के आधार पर उक्त छात्रावास के भवन-निर्माण की स्वीकृति विभाग के आदेश दिनांक 16 मार्च 2026 के द्वारा प्रदाय कर दी गई है। इस आदेश के अनुसार इस छात्रावास हेतु 499.78 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने इस छात्रावास के भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि इस छात्रावास का भवन निर्माण होने से अनुसूचित जाति वर्ग के अभावग्रस्त विद्यार्थियों को अध्ययन कार्य में बड़ी सुविधा उपलब्ध होगी।
मालथौन ब्लाक में 4 नवीन आंगनबाड़ी भवन स्वीकृत
मध्य प्रदेश सरकार के महिला बाल विकास विभाग द्वारा खुरई विधानसभा क्षेत्र के मालथौन विकासखण्ड के 4 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित आंगन बाड़ी केंद्रों के नवीन भवन निर्माण हेतु 44.88 लाख की राशि स्वीकृत की है। जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नवीन भवन स्वीकृत हुए हैं उनमें मालथौन विकासखण्ड की ग्राम पंचायत खिरिया कलां स्थित ग्राम बम्होरी लाल आंगनबाड़ी केंद्र, बनखिरिया ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम चौका आंगनबाड़ी केंद्र, गीला ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम अड़ुआ आंगनबाड़ी केंद्र तथा मालथौन 2 अंतर्गत झाडिया आंगनबाड़ी केंद्र शामिल हैं। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र 11.22 लाख की राशि से विभाग द्वारा निर्धारित ड्राइंग डिजाइन के आधार पर निर्मित होगा।

0 Comments