दमोह में अवैध शराब को लेकर बवाल, संगठन और ठेकेदार पक्ष में मारपीट, कोतवाली में धरना



मध्य प्रदेश के दमोह जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां अवैध शराब को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के गार्ड लाइन इलाके में भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों और शराब ठेकेदार के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

संगठन के सदस्यों का आरोप है कि उन्हें सूचना मिली थी कि स्टेशन शराब दुकान से अवैध रूप से शराब की तीन पेटियां गार्ड लाइन की ओर ले जाई जा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर शराब की पेटियां पकड़ लीं।

संगठन के सदस्य महेश गुप्ता के मुताबिक, इसी दौरान आरोपियों ने एक सदस्य पर चाकू से हमला कर दिया और अन्य लोगों के साथ मारपीट की। इसके बाद शराब ठेकेदार के कुछ लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी संगठन के सदस्यों के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद आरोपी शराब की पेटियां छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद संगठन के सदस्य शिकायत दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उल्टा संगठन के ही ओमकार आदिवासी, रामजी अहिरवार और महेश गुप्ता पर मामला दर्ज कर लिया गया।

इससे नाराज होकर सैकड़ों की संख्या में संगठन के सदस्य कोतवाली पहुंचे और वहीं धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने मांग की कि शराब ठेकेदार और मारपीट करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।

कोतवाली टीआई मनीष कुमार का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है और संगठन की शिकायत पर भी एफआईआर दर्ज की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर अवैध शराब और कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

संवाददाता : किशोर कुशवाहा