डबल बेड के अंदर मिली डांसर की लाश, 5 दिन बाद खुला राज; खुरई में हत्या से फैली सनसनी



सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र के सहोद्रा राय वार्ड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। एक महिला डांसर का शव उसके ही घर में डबल बेड के अंदर छिपा हुआ मिला, जिससे मामले ने रहस्य और गंभीरता दोनों बढ़ा दी है।

मृतका की पहचान ममता अहिरवार (45) के रूप में हुई है। परिजन जब करीब 10 दिन बाद घर लौटे, तो दरवाजे पर ताला लगा मिला। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी और सलाह के बाद ताला तोड़ा। घर के भीतर घुसते ही तेज बदबू ने उन्हें चौंका दिया। जब कमरे में रखे डबल बेड को खोला गया, तो अंदर ममता का शव मिला, जो कई दिनों पुराना लग रहा था।

परिजनों के मुताबिक, ममता के बेटे देव और बेटी मुस्कान अपनी बड़ी बहन के यहां गंजबासौदा गए हुए थे। 5 अप्रैल की रात को उनकी मां से आखिरी बार बात हुई थी। उस समय ममता ने बताया था कि वह बीना रिफायनरी के गेट नंबर 3 के पास एक कार्यक्रम में हैं। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। शनिवार को उन्होंने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

ममता पेशे से डांसर थीं और शादी-ब्याह व मेलों में अपने ग्रुप के साथ प्रस्तुति देती थीं। इसी से उनके परिवार का गुजारा होता था।

पुलिस के शुरुआती अनुमान के अनुसार, महिला की मौत करीब 4 से 5 दिन पहले हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। डबल बेड के अंदर शव मिलने की यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है—आखिर यह खौफनाक वारदात कैसे और किसने अंजाम दी? पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी ।

संवाददाता:- स्वाति रजक