बांदकपुर रेलवे स्टेशन पर अधेड़ ने लगाई फांसी, प्लेटफॉर्म पर लटका मिला शव


दमोह जिले के बांदकपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब प्लेटफॉर्म क्रमांक एक पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और मृतक की पहचान के लिए उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित की। बाद में उसकी पहचान उमाशंकर भोरहरि (50 वर्ष), निवासी गढ़ाकोटा के रूप में हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही बांदकपुर पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया, जो गढ़ाकोटा से मौके के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने प्लेटफॉर्म क्रमांक एक पर यात्रियों के बैठने के लिए लगी कुर्सियों के ऊपर बने टीन शेड की रॉड से फांसी लगाई। घटना के समय उसने पैंट-शर्ट पहन रखी थी।

जीआरपी के एसआई होरीलाल चौधरी ने बताया कि स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म के कटनी साइड पर एक व्यक्ति फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें मृतक की पहचान गढ़ाकोटा निवासी के रूप में हुई।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

गौरतलब है कि बांदकपुर स्टेशन एक छोटा और अपेक्षाकृत सुनसान स्टेशन है, जहां यात्री आवाजाही कम रहती है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि सुनसान माहौल के चलते ही यह घटना हुई। यदि समय रहते किसी की नजर पड़ती, तो संभवतः अधेड़ की जान बचाई जा सकती थी।

संवाददाता : किशोर कुशवाहा