कुदरत का कहर: तेज आंधी में पलटी ट्रॉली, 8 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत

पलेरा (टीकमगढ़): क्षेत्र के बराना गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ खेत में गेहूं की थ्रेशिंग के दौरान आए अचानक आंधी-तूफान ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अनियंत्रित होकर पलटी एक ट्रॉली की चपेट में आने से 8 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। 

कैसे हुआ हादसा? 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बमोरी कला थाना क्षेत्र की कनेरा चौकी के अंतर्गत आने वाले बराना गांव में किसान के खेत पर गेहूं की थ्रेशिंग का कार्य जोरों पर चल रहा था। तभी अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज आंधी के साथ तूफान शुरू हो गया। हवा का वेग इतना तेज था कि पास ही खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई।

दुर्भाग्यवश, पास में ही मौजूद 8 वर्षीय पवित्रा राजपूत इस भारी-भरकम ट्रॉली के नीचे दब गई। चोट इतनी गंभीर थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बाल-बाल बचे अन्य लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आंधी इतनी अचानक और तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। खेत पर मौजूद अन्य मजदूरों और परिजनों ने भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन नन्हीं पवित्रा इसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मासूम के शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए पलेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 संवाददाता:– मुहम्मद ख्वाजा