सुरखी में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की कमान मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत के पुत्र आकाश राजपूत ने संभाली

सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। समारोह में 51 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की धर्मपत्नी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता सिंह राजपूत तथा उनके पुत्र युवा शक्ति संगठन अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने शामिल होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

समारोह के दौरान सविता सिंह राजपूत ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बेटियों को विदाई दी। विवाह गीतों से मंडप में पारिवारिक माहौल बना रहा, जिसे बारातियों और परिजनों ने सराहा। आयोजन स्थल पर भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं, जिससे कार्यक्रम यादगार बन गया।

आकाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सरकार की संवेदनशील और जनकल्याणकारी पहल है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बड़ी चिंता को दूर करती है। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम प्रकट उत्सव जैसे शुभ अवसर पर इस आयोजन का होना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताते हुए योजना को समाज के लिए वरदान बताया।

उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों को परिवार मानते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान नवविवाहित 51 जोड़ों को गृहस्थी के उपयोगी उपहार भी भेंट किए गए, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मानपूर्वक कर सकें।