तारादेही पुलिस की छापेमारी में 98 हजार की शराब बरामद, आरोपी फरार


दमोह जिले के तारादेही थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक ऑटो पार्ट्स दुकान के पीछे छापेमारी कर 19 पेटी शराब बरामद की। जब्त की गई शराब की कीमत करीब 98 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तारादेही के बायपास तिराहे पर स्थित एक ऑटो पार्ट्स दुकान की आड़ में अवैध शराब का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान के पीछे बने कमरे में दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद हुईं।

थाना प्रभारी आलोक तिरपुडे के अनुसार, यह दुकान साहिल पिता राजेश घोषी की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी साहिल घोषी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब्त शराब को कब्जे में लेकर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

संवाददाता : किशोर कुशवाहा