दमोह में किसान से ढाई लाख रुपए चोरी,मसूर बेचकर लौट रहा था किसान, दो बाइक सवारों पर शक...
दमोह के पलंदी चौराहा के पास सोमवार रात मसूर बेचकर लौट रहे एक किसान से ढाई लाख रुपए से भरा बैग चोरी हो गया। दो बाइक सवार बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। किसान ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देहात थाना क्षेत्र के महंतपुर गांव निवासी किसान भूपेंद्र पटेल ने बताया कि उन्होंने और उनके बड़े भाई सुभाष पटेल ने दमोह मंडी में मसूर बेची थी। इसमें भूपेंद्र को लगभग एक लाख रुपए और सुभाष को डेढ़ लाख रुपये मिले थे। कुल ढाई लाख रुपए एक बैग में रखकर वे घर लौट रहे थे।
भूपेंद्र पटेल अपनी बाइक से आगे निकल गए थे, जबकि उनके भाई और भतीजा ट्रैक्टर से आ रहे थे। राय चौराहा के आगे पलंदी चौराहा के समीप एक फर्नीचर की दुकान पर रुकने के दौरान उन्होंने रुपयों से भरा बैग ट्रैक्टर पर टांग दिया था। कुछ देर बाद जब उनकी नजर ट्रैक्टर पर पड़ी, तो बैग गायब था। आसपास तलाश करने पर भी बैग नहीं मिला। घटना की सूचना तुरंत कोतवाली पुलिस को दी गई। पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में दो बाइक सवार बदमाश ट्रैक्टर का पीछा करते और बैग लेकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बाइक सवारों पर शक:
एक युवक ने हेलमेट पहन रखा है और दूसरे ने मुंह पर तोलिया बांध रखी है। दोनों युवक पहले ट्रैक्टर के पीछे आते हैं इसके बाद रुपयों से भरा बैग ले जाते हुए भागते दिखाई दे रहे हैं। कोतवाली टीआई मनीष कुमार का कहना है की ट्रैक्टर पर ढाई लाख रुपए से भरा बैग टांगकर किसान कुछ फर्नीचर खरीदने पलंदीचौराहे पर रुके थे। तभी अज्ञात आरोपियों के द्वारा रुपयों से भरा बैग चोरी कर भाग गए। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही हैl
संवाददाता- कुणाल कुर्मी

0 Comments