आशीर्वाद या नाराजगी? संत के व्यवहार पर उठे सवाल, घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज


मध्य प्रदेश के दतिया जिला के सेवढ़ा क्षेत्र से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां आयोजित भागवत कथा के दौरान एक संत द्वारा स्थानीय विधायक के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, सेवढ़ा से भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल कथा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान भिंड जिला के नसरोल से आए संत सीताराम बाबा भी मंच पर मौजूद थे।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि संत सीताराम बाबा ने विधायक को आशीर्वाद देने के बजाय कथित रूप से उनके साथ धक्का-मुक्की कर दी। इतना ही नहीं, संत ने उनके ऊपर हाथ उठाया और गले में डाली गई माला को भी फेंक दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान संत द्वारा विधायक को कई बार धक्का देने और कथित रूप से घूंसे मारने की भी बात सामने आई है। इस अचानक हुई घटना से मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि संत का यह व्यवहार किसी नाराजगी का परिणाम था या फिर किसी परंपरा के तहत किया गया। लेकिन वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

फिलहाल इस मामले में किसी आधिकारिक बयान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह घटना अब चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।

संवाददाता : किशोर कुशवाहा