मुरैना में बड़ा खुलासा: ट्रैक्टर चोरों का अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार


मुरैना जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जौरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।मुरैना के जौरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो ट्रैक्टर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से मुरैना और शिवपुरी से चोरी किए गए तीन ट्रैक्टर और एक लग्जरी वाहन बरामद किया है।

बताया जा रहा है कि ये गिरोह मध्यप्रदेश से ट्रैक्टर चोरी कर उन्हें आधे से भी कम कीमत में राजस्थान के किसानों को बेच देता था।

पुलिस को इन चोरों की तलाश पिछले कुछ समय से थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इन आरोपियों ने करीब 15 दिन पहले जौरा के अगरोता गांव और शिवपुरी के नरवर क्षेत्र से दो ट्रैक्टर चोरी किए थे। इसके अलावा, पिछले साल जौरा थाना क्षेत्र के चांचुल गांव से भी एक ट्रैक्टर चोरी करने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए मशरूका की कुल कीमत 15 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और उनके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है। आगे भी इस मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं।

संवाददाता : किशोर कुशवाहा