NH-552 किनारे से मिली लाखों की शराब, आबकारी विभाग से होगी जांच
मुरैना। जिले के कैलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमई चौराहे के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब राष्ट्रीय राजमार्ग 552 के किनारे एक नाले में भारी मात्रा में देसी शराब पड़ी मिली। सूचना मिलते ही कैलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए कुल 1160 क्वार्टर शराब जप्त कर थाने ले आई।
बताया जा रहा है कि सुबह नाले में पानी आने के बाद यह शराब ऊपर दिखाई देने लगी, जिसे सबसे पहले ग्रामीणों ने देखा। संदेह होने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाले से शराब को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
प्राथमिक जांच में जप्त शराब मध्य प्रदेश आबकारी विभाग की देसी शराब बताई जा रही है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए से अधिक आंकी गई है।
पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। साथ ही आबकारी विभाग से यह जानकारी जुटाई जा रही है कि यह शराब किस दुकान के लिए एलॉट की गई थी और किन परिस्थितियों में नाले तक पहुंची।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनमें अवैध परिवहन या लापरवाही की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग मामले की तह तक जाने में जुटे हुए हैं।
संवाददाता : किशोर कुशवाहा

0 Comments