गाडरवारा पुस्तक मेले में अव्यवस्थाओं का आरोप किताबों की कमी और अधूरे सेट पर अभिभावकों ने जताई नाराजगी

नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा शहर में सोमवार को लगे सरकारी पुस्तक मेले में अव्यवस्था देखने को मिली है। प्रशासन द्वारा आयोजित इस मेले में अभिभावकों ने पुस्तकों के अभाव और कम छूट मिलने के आरोप लगाए हैं।

दूर-दराज से आए ग्रामीणों ने कहा कि पुस्तकों के नाम पर केवल कॉपियां बेची जा रही हैं। पुस्तक मेले में पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि वहां पुस्तकों का भारी स्टॉक होने का दावा गलत साबित हुआ। अभिभावकों ने बताया की, दुकानों पर केवल कॉपियां उपलब्ध थीं और जो किताबें मिल रही थीं, वे भी अधूरे सेट में थीं। एक ही काउंटर पर भारी भीड़ होने के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

अभिभावकों ने प्रशासन के छूट वाले दावे पर भी सवाल उठाए हैं अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन 13% छूट की बात कर रहा है, जबकि बाजार में कॉपियों पर पहले से ही 35% तक की छूट मिल रही है।

वहीं जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुशवाहा ने बताया कि अचानक भीड़ बढ़ने के कारण कुछ समय के लिए अव्यवस्था हुई थी। बुक सेलर्स को स्टॉक की कमी न होने देने की हिदायत दी गई है और पुस्तकों का परिवहन लगातार जारी है ताकि सभी को सामग्री मिल सके।

संवाददाता दीपक मालवीय